उत्तराखंड

CM धामी से मिले विधायक कंडारी,किडनी रोग से पीड़ित संदीप कुमार के इलाज के लिए 5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत


देवप्रयाग। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डांडा मयाली, पोस्ट भैंसकोट निवासी संदीप कुमार पुत्र चतरू मिस्त्री के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। संदीप कुमार गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और उनके दोनों गुर्दे खराब होने के कारण उनका उपचार देहरादून स्थित श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में चल रहा है।

संदीप कुमार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते उनके परिवार के सामने उपचार का खर्च उठाना बड़ी चुनौती बना हुआ था। ऐसे में परिवार की ओर से उपचार के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता को देखते हुए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। विधायक के प्रयासों के बाद संदीप कुमार के उपचार के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

आर्थिक सहायता स्वीकृत होने से संदीप कुमार के परिवार को उपचार जारी रखने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। परिवार ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री और विधायक विनोद कंडारी का आभार व्यक्त किया है।

विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संकट की घड़ी में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के सामने उपचार का खर्च बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे मामलों में सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित होती है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को उपचार के अभाव में परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित मामलों को प्राथमिकता के साथ मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष सहित अन्य उपलब्ध माध्यमों से सहायता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा का उद्देश्य केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय प्रत्येक परिवार के साथ खड़ा होना भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

संदीप कुमार के मामले में स्वीकृत हुई पांच लाख रुपये की सहायता से परिवार को इलाज का खर्च वहन करने में सहयोग मिलेगा और गंभीर बीमारी से जूझ रहे संदीप के उपचार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *