उत्तराखंड

2027 की जंग के लिए भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल,प्रदेश मुख्यालय बना वॉर रूम


देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 का सियासी रण भले ही अभी दूर हो, लेकिन भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने प्रदेश मुख्यालय को विधिवत रूप से प्रदेश चुनाव कार्यालय में तब्दील कर दिया है। मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजा-पाठ के बीच प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत की। भाजपा ने इसे लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम बताया है।

प्रदेश मुख्यालय में आयोजित हवन-पूजन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने विधि-विधान से आहुतियां दीं। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता की कामना की गई। कार्यक्रम में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल और प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सरकार में दायित्वधारी मौजूद रहे।

**सभी 70 विधानसभा सीटों पर बनेगी रणनीति**

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब प्रदेश मुख्यालय चुनाव तक पार्टी के चुनावी प्रबंधन और समन्वय का मुख्य केंद्र रहेगा। यहीं से प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए चुनावी रणनीति, प्रचार अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। चुनाव से जुड़े विभिन्न विभागों और समितियों के लिए कार्यालय में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान और चुनावी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन तेजी से हो सके।

भट्ट ने बताया कि प्रदेश चुनाव कार्यालय के बाद जल्द ही जिला और विधानसभा स्तर पर भी चुनाव कार्यालय शुरू किए जाएंगे। इससे प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों में बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यालय का संचालन शुरू होना 2027 के चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है।

**कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाने का आह्वान**

हवन-पूजन के बाद वरिष्ठ नेताओं ने कार्यालय में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह के साथ जनता के बीच जाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि की जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।

**संविधान दिवस पर बाबा साहब को दी श्रद्धांजलि**

चुनावी कार्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस भी मनाया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके विचारों और संविधान के मूल सिद्धांतों पर चलने का संकल्प भी लिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *