उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान दिवस पर समाजसेवी एवं शिक्षाविद ललित जोशी को किया सम्मानित


देहरादून। संविधान दिवस 2026 के उपलक्ष्य में अभियोजन विभाग, उत्तराखंड शासन द्वारा पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम ‘हमारा राज्य, हमारा कानून (मंथन)’ में समाजसेवी, शिक्षाविद एवं सजग इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट ललित जोशी को उनके सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संविधान दिवस के अवसर पर उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

ललित जोशी पिछले 18 वर्षों से सजग इंडिया के माध्यम से ‘नशे को ना, जिंदगी को हाँ’ अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के तहत 1,500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में 8 लाख से अधिक युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया है। इसके अतिरिक्त वे दैवीय आपदाओं से प्रभावित एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएँ, करियर मार्गदर्शन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। उनका ‘सुपर 300 मिशन’ भी जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में गृह सचिव आईएएस शैलेश बगोली, आईपीएस अंशुमन, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, संयुक्त निदेशक अभियोजन गिरीश पंचोली, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल, विधायक विनोद चमोली, डॉ. महेश कुड़ियाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मान पर ललित जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अभियोजन विभाग एवं उत्तराखंड शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सजग इंडिया से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और उन बच्चों एवं युवाओं का है, जिनके बेहतर भविष्य के लिए संस्था निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना समानता, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं गरिमापूर्ण जीवन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही उनका संकल्प है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *