उत्तराखंड

राज्य स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज में पलेठी डोबल्यों के छात्रों का परचम,देवप्रयाग का नाम किया रोशन


देवप्रयाग। सीमित संसाधनों के बीच मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों, विकासखंड देवप्रयाग के विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्यालय की टीम ने राज्य स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और देवप्रयाग क्षेत्र के साथ पूरे टिहरी गढ़वाल जनपद का नाम रोशन किया।

देहरादून में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अलग-अलग चरणों में विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, विषयगत समझ, विश्लेषण क्षमता, तार्किक सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को परखा गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान अपने नाम किया।

इस उपलब्धि में विद्यार्थियों के मार्गदर्शक शिक्षक शिव प्रसाद भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत ने इस सफलता को संभव बनाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छात्रों ने साबित किया कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उचित मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन की।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षा से जुड़े लोगों ने विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षक शिव प्रसाद भट्ट और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि छात्र भविष्य में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा से क्षेत्र का गौरव बढ़ाते रहेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *