प्रभावित हर परिवार को मिलेंगे पांच लाख रुपये,छह माह के राशन की भी व्यवस्था करेगी सरकार – Apnu Uttarakhand
उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को प्रभावित गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनका दुख-दर्द साझा किया और एक-एक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम और संभावित बर्फबारी को देखते हुए सबसे पहले सभी प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को भी प्रतिकूल मौसम में परेशानी न उठानी पड़े।
अग्निकांड में घरों के साथ ही ग्रामीणों का छह माह का सुरक्षित रखा राशन भी नष्ट हो गया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की दैनिक जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार विद्यालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रह सके।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन परिवारों ने इस अग्निकांड में अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी गंवाई है, उनकी पीड़ा को समझना बेहद कठिन है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रभावित परिवारों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास बहाल करने की जिम्मेदारी भी सरकार की है।
उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका समुचित पुनर्वास करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, प्रभावितों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने और स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
