उत्तराखंड

इगास बग्वाल की धूम,लोक संस्कृति के रंग में रंगा देहरादून,लोकगीतों की धुन पर जमकर थिरके सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान


देहरादून। दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल को लेकर राजधानी देहरादून में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर आयोजित एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ी सभ्यता की खूबसूरत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में शिरकत की, जबकि लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को पहाड़ी रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी जमकर थिरके। दोनों ने लोकगीतों की धुन पर नृत्य कर आयोजन का उत्साह बढ़ाया और लोक संस्कृति के प्रति अपनी आत्मीयता जाहिर की।

इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों से शहरों की ओर पलायन कर चुके हैं, लेकिन अपनी मूल संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ ही समाज में आपसी मेलजोल और एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।

वहीं, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि इगास बग्वाल महज एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पहाड़ की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहे।

कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक वेशभूषा और उत्साहपूर्ण भागीदारी के बीच इगास बग्वाल की खुशियां साझा की गईं। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आधुनिकता और बदलते दौर के बीच भी उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं लोगों के दिलों में आज भी जीवंत हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *