Monday, April 21, 2025
उत्तराखंड

गढ़वाल सांसद ने विकास कार्यों का लिया जायजा,बजरंग सेतु को गुणवत्ता से कोई समझौता किये बगैर जल्द से जल्द पूरा करने के दिए निर्देश


ऋषिकेश। गढ़वाल से भाजपा के लोक सभा सांसद अनिल बलूनी ने आज शुक्रवार को यमकेश्वर और नरेन्द्रनगर विधानसभा में कई कार्यक्रमों में भाग लिया, स्वर्गाश्रम में बजरंग सेतु का निरीक्षण किया, जनता की शिकायतें सुनी, संतों का आशीर्वाद लिया और स्थानीय पदाधिकार्यों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मुलाक़ात की। अनिल बलूनी एक दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र में थे।

गढ़वाल सांसद ने सबसे पहले यमकेश्वर विधानसभा अंतर्गत वैदिक धाम, स्वर्गाश्रम में स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में यमकेश्वर से भाजपा विधायक रेणु बिष्ट, कोटद्वार से जिला भाजपा अध्यक्ष बीरेंद्र रावत, मंडल भाजपा अध्यक्ष अरविंद नेगी, प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला सहित कई पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के पश्चात अनिल बलूनी ने स्वर्गाश्रम में लक्ष्मण झूला पुल के पास इसके बन रहे बजरंग सेतु के निर्माण कार्य का जायजा लिया और पीडब्ल्यूडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी गुणवत्ता से कोई समझौता किये बगैर समयबद्ध तरीके से जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से भी इस विषय में बात करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पुल को पिछले वर्ष ही तैयार हो जाना चाहिए था। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को बजरंग सेतु के तैयार हो जाने का डेडलाइन देने को कहा। पीडब्ल्यूडी पौड़ी के चीफ इंजीनियर और विभाग के अन्य अधिकारियों ने सांसद को पुल के बारे विस्तार से जानकारी दी।

गढ़वाल सांसद ने इसके बाद डीएम कैंप कार्यालय स्वर्गाश्रम में जन सरोकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यहाँ चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस बैठक में पेयजल विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग, ऊर्जा विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में उप-जिलाधिकारी भी उपस्थित थे। साथ ही, गढ़वाल सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं का फीडबैक भी लिया। इस बैठक के पश्चात भाजपा सांसद ने स्थानीय व्यापारियों, शिक्षकों एवं टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात की एवं उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने उनकी समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।

इसके पश्चात अनिल बलूनी ने भगीरथ धाम में पूज्य संतों का सान्निध्य प्राप्त किया, उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उनके सुझाव भी प्राप्त किया। भाजपा सांसद ने पूज्य संतों के सुझावों पर पूरी तत्परता के साथ अमल करने की प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद वे परमार्थ निकेतन गए और परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज से मुलाक़ात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

यमकेश्वर के बाद गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी नरेन्द्रनगर विधानसभा के लिए रवाना हो गए जहाँ मुनि की रेती में उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की एवं विभिन्न विषयों पर उनसे चर्चा की। इस बैठक में प्रदेश वन मंत्री और नरेन्द्रनगर से भाजपा विधायक सुबोध उनियाल, मंडल अध्यक्ष प्रेम सेमवाल, मंडी समिति अध्यक्ष विनोद कुकरेती, नलिन भट्ट, लीला देवी, रोशनी देवी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *