उत्तराखंड

आदर्श चम्पावत के लिए CM धामी के बड़े ऐलान,96 करोड़ की 16 योजनाओं की सौगात


चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में रविवार को करीब 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्रामसभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने के साथ ही न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। जिला बार एसोसिएशन को भी अधिवक्ता चैम्बर, पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की सौगात देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत का विकास आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सर्किट हाउस का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इसके साथ ही 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी उद्घाटन किया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की 16 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

हर ग्रामसभा को विकास के लिए मिलेंगे 10 लाख रुपये

मुख्यमंत्री की ग्रामसभा स्तर पर विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा को स्थानीय जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस राशि से ग्रामसभाएं अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन और अन्य जनहितकारी कार्य करा सकेंगी। इसके अलावा न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए भवनों का निर्माण किया जाएगा।

जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने के साथ उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं।

सड़क, पार्किंग और ड्रेनेज पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में सड़क, परिवहन, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से भी परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।

शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके साथ ही विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता इसे विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। सरकार का प्रयास है कि इन विशेषताओं को विकास से जोड़कर पर्यटन, रोजगार और स्थानीय आजीविका के अवसर बढ़ाए जाएं। उन्होंने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल आधारभूत ढांचे के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों से किया संवाद

मुख्यमंत्री ने दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने विभिन्न संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।

धामी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *