Thursday, September 17, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पहाड़ के मेधावी बच्चों को देश दिखाने की अनूठी पहल,देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने खोले नई संभावनाओं के द्वार,राज्यपाल से भी हुई मुलाकात


देहरादून। पहाड़ के बच्चों की प्रतिभा को नई पहचान दिलाने और उनके सपनों को उड़ान देने के उद्देश्य से देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की पहल पर मेधावी छात्र-छात्राएं भारत दर्शन शैक्षिक यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। यह पहल केवल विद्यार्थियों को देश के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र से बाहर निकलकर नई दुनिया देखने, समझने और भविष्य की संभावनाओं से रूबरू कराने का एक प्रयास है। इसी कड़ी में गुरुवार को भारत दर्शन शैक्षिक यात्रा पर जा रहे देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं ने लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

पहाड़ के बच्चों को बड़े सपने देखने का अवसर

देवप्रयाग जैसे पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को देश की विविधता, संस्कृति, इतिहास और आधुनिक तकनीक से परिचित कराने की यह पहल बच्चों के शैक्षिक अनुभवों को व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। विधायक विनोद कंडारी के प्रयासों से भारत दर्शन पर जा रहे विद्यार्थी ऋषिकेश, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और रुड़की का भ्रमण करेंगे।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत दर्शन यात्रा केवल घूमने का अवसर नहीं, बल्कि देश को करीब से जानने, समझने और नई चीजें सीखने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि किताबों में पढ़े इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और लोकतंत्र को जब विद्यार्थी स्वयं देखकर समझते हैं, तो उनका ज्ञान और अधिक प्रभावी होता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *