शिक्षक संगठन की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक,शिक्षकों के कई मांगो पर चर्चा
देहरादून । राजकीय शिक्षक संघ, देहरादून की नवनिर्वाचित जनपद एवं ब्लॉक कार्यकारिणी की प्रथम बैठक आज मयूर विहार मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्व प्रथम मुख्य शिक्षा अधिकारी महोदय को बुक्के भेंटकर स्वागत और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में निम्नलिखित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए हैं।
1. जनपद के अंतर्गत नागर निकाय चुनाव जनवरी 2025 के दौरान शीतावकाश में लगाए गए कार्य के बदले उपार्जित अवकाश प्रदान किए जाएँ।
2. राoबाoइoकाo रानीपोखरी से संबंधित प्रकरण का तत्काल समाधान किया जाए तथा दिनांक 22 मई 2025 का वेतन आहरण कराया जाए।
3. ब्लॉक कालसी एवं डोईवाला में आकस्मिक अवकाश एवं बाल्य देखभाल अवकाश पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा लगाई गई रोक को हटाया जाए, तथा बिना कारण वेतन बाधित किए जाने पर रोक लगाई जाए।
4. मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिक्षकों के प्रकरणों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण हेतु ऑनलाइन–ऑफलाइन व्यवस्था (E-Office प्रणाली) स्थापित की जाए। साथ ही प्रकरणों के संलग्नकों एवं निर्धारित प्रपत्रों से अवगत कराते हुए निस्तारण की समय-सीमा निर्धारित की जाए।
5. अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को अन्य शिक्षकों की भाँति एक समान सेवा लाभ प्रदान किए जाएँ।
6. विद्यार्थियों के भारत भ्रमण कार्यक्रमों में छात्रों के साथ जाने हेतु सम्बंधित विद्यालय के शिक्षकों को प्रतिभाग का अवसर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
7. कनिष्ठ–वरिष्ठ वेतन विसंगति से संबंधित पत्र निर्गत करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं अविलंब निस्तारण किया जाए।
8. किसी भी अभिभावक की शिकायत पर दोनों पक्षों को सुनने के पश्चात ही कोई कार्यवाही की जाए, जिससे पारदर्शिता एवं न्याय सुनिश्चित हो सके।
9. ग्रीष्मकालीन अवकाश (जून) में आयोजित समर कैंप हेतु देय प्रतिकर अवकाश के उपभोग बाध्यता को समाप्त किया जाए।
10. राoउoप्राoविo गोहरीमाफी को छात्र हित में राoउoमाoविo गोहरीमाफी में विलय (Merge) किया जाए।
अतः आपसे अनुरोध है कि उपर्युक्त समस्त शिक्षक-हितकारी प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक एवं आवश्यक कार्यवाही करने की कृपा करें।
