बारिश से राहत के अभी कम आसार, मौसम वैज्ञानिकों ने बताया 24 सितंबर तक का हाल – Apnu Uttarakhand
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में फिलहाल बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई पहाड़ी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। विशेष रूप से कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने जानकारी दी कि शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर तक पूरे उत्तराखंड में रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रहने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
