सीएम धामी ने किया बागेश्वर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, राहत और पुनर्वास कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित सहायता के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बागेश्वर जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम धामी ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
कपकोट तहसील के पौसारी गांव में भारी बारिश के चलते आए मलबे से 6 मकान दब गए, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, एक घायल हुआ और तीन लोग लापता हैं। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की और तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने पुनर्वास प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा ज़रूरतमंदों को तुरंत सहायता पहुंचाने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि इस वर्ष अब तक राज्य में रिकॉर्ड 574 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे व्यापक जनहानि और आधारभूत संरचनाओं को भारी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार लगातार राहत कार्यों में जुटी है।
