सीएम धामी ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, राहत-बचाव कार्यों का लिया जायजा – Apnu Uttarakhand
उत्तराखंड का उत्तरकाशी जिला इन दिनों भीषण आपदा की मार झेल रहा है। धराली और स्यानाचट्टी समेत कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तरकाशी का दौरा किया और स्यानाचट्टी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सीएम धामी ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और आपदा पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के कई जिलों—जैसे थराली, पौड़ी और पिथौरागढ़—में भी भारी बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे प्रदेश में आपदा के कारण हुए नुकसान का आकलन कर रही है और वैज्ञानिक संस्थानों की मदद से आपदाओं के कारणों की गहन जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे हालात से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि वे स्वयं ग्राउंड जीरो पर जाकर हालात की निगरानी कर रहे हैं और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन के साथ मिलकर युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं।
सरकार की ओर से राहत के तहत जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्काल 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाए। इसी तरह, आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को भी 5 लाख रुपये की राहत राशि दी जा रही है।
धराली-हर्षिल क्षेत्र में आपदा के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी और मातली हेलीपैड से एमआई-17 और अन्य हेलीकॉप्टरों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राशन और राहत सामग्री लगातार भेजी जा रही है। जिला प्रशासन हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है और राहत कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने हमेशा संघर्षों का सामना साहस और एकजुटता से किया है और इस बार भी हम सब मिलकर इस आपदा से पार पाएंगे।
