12 जिलों में पंचायत चुनाव की आचार संहिता समाप्त, भाजपा ने 10 जिलों में जीत दर्ज की – Apnu Uttarakhand
उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने सात अगस्त को जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी की थी, जिसके साथ ही प्रदेश के 12 जिलों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई थी। यह आचार संहिता अब 16 अगस्त को समाप्त हो गई है। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से आदेश जारी किया गया।
हरिद्वार को छोड़कर राज्य के शेष 12 जिलों में पंचायत चुनाव दो चरणों में 24 और 28 जुलाई को संपन्न हुए थे। इसके बाद 31 जुलाई को मतगणना हुई। वहीं, 14 अगस्त को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 जिलों में जीत हासिल की।
देहरादून जिले में कांग्रेस ने सभी को चौंकाते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की और भाजपा को पछाड़ दिया। वहीं नैनीताल जिले में हाईकोर्ट के आदेश के चलते चुनाव स्थगित कर दिया गया है।
अब आचार संहिता समाप्त होने के साथ ही संबंधित जिलों में विकास कार्यों पर लगी रोक हट गई है और शासन-प्रशासन सामान्य प्रक्रिया के तहत कार्य कर सकेगा।
