धराली गांव की महिलाएं पहुंचीं जिला अस्पताल, सीएम से मिलकर हुई भावुक
उत्तरकाशी ज़िले के धराली गांव में आई आपदा के बाद अपने परिजनों से संपर्क न हो पाने के कारण गांव की कई महिलाएं और युवतियां गुरुवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्हें जानकारी मिली थी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अस्पताल आने वाले हैं। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही खुशबू पंवार समेत कई युवतियां भावुक हो गईं और रोने लगीं।
खुशबू पंवार ने बताया कि आपदा वाले दिन थोड़ी देर के लिए उनके पिता से बात हुई थी। पिता ने फोन पर सिर्फ इतना कहा कि “तेरे चाचा-चाची चले गए”, इसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता धराली में ही हैं और बीते तीन दिन से किसी भी तरह की जानकारी नहीं मिल सकी है। उनकी चिंता इस बात को लेकर और बढ़ गई है कि उनके पिता दिल के मरीज हैं, और ऐसे हालात में उनके स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।
खुशबू के साथ अंकिता पंवार, तनुजा पंवार, स्वाती, बीना पंवार और पुष्पा पंवार समेत कई महिलाएं सुबह से ही अस्पताल परिसर में मौजूद थीं। सभी की एक ही मांग थी—अपने परिजनों से संपर्क कराने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की।
मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि शुक्रवार से धराली गांव से लोगों को बाहर निकालने के लिए विशेष बचाव अभियान शुरू किया जाएगा।
