पंचायत चुनाव पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का बड़ा हमला, चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
देहरादून में शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रेस वार्ता कर पंचायत चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता ने बड़ी संख्या में कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है और भाजपा के झूठे दावों की पोल खोल दी है। माहरा ने कहा, “राज्य में कांग्रेस को जनता का आशीर्वाद मिला है, यह चुनाव परिणाम साफ तौर पर दिखा रहे हैं।”
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आयोग ने निष्पक्ष संस्था की जगह भाजपा के एजेंट के रूप में काम किया। माहरा ने कहा कि कई क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत की घोषणा हंगामे के बाद की गई, यहां तक कि डोईवाला में जीतने के बावजूद प्रत्याशी को प्रमाण पत्र नहीं दिया गया।
माहरा ने भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के परिजनों की हार का जिक्र करते हुए भाजपा की हार का सबूत पेश किया। उन्होंने बताया कि नैनीताल विधायक सरिता आर्य के बेटे, विधायक महेश जीना के बेटे, लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत की पत्नी, पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी की पत्नी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी जैसे नेताओं के करीबी पंचायत चुनावों में हार गए।
उन्होंने कहा, “बीजेपी ने हर तरह के हथकंडे अपनाए, लेकिन जनता ने उनके कुशासन के खिलाफ मतदान किया।” माहरा ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को डराया और लालच दिया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र की मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अंत में जनता का धन्यवाद करते हुए कहा, “उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को जवाब दे दिया है और कांग्रेस पर भरोसा जताया है।”
