मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़, 8 की मौत, कई घायल – Apnu Uttarakhand
श्रावण मास के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। रविवार को इसी दौरान मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंदिर के रास्ते में अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 6 से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि भगदड़ की वजह बिजली के खुले तार में अचानक करंट आने की घटना थी। जब कुछ श्रद्धालु इसकी चपेट में आए तो वहां अफरा-तफरी फैल गई, जिससे लोगों में घबराहट बढ़ गई और भगदड़ शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और इलाज जारी है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लापरवाही कहां हुई। श्रावण मास के चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
