उत्तराखंड

गैरसैंण में 19 से 22 अगस्त को होगा सत्र, संसदीय कार्य मंत्री को लेकर बढ़ी हलचल – Apnu Uttarakhand


उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र इस बार गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा। यह सत्र 19 अगस्त से 22 अगस्त तक चलेगा, जिसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पंचम विधानसभा के द्वितीय सत्र 2025 को लेकर विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं, जिसमें सत्र की तारीखों और स्थान की पुष्टि की गई है।

गौरतलब है कि पिछला विधानसभा सत्र राजधानी देहरादून में 18 से 24 फरवरी 2025 तक आयोजित हुआ था। उस दौरान तत्कालीन संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का एक बयान—जिसे ‘पहाड़ बनाम मैदान’ विवाद से जोड़ा गया—राज्य भर में बड़े विवाद का कारण बना था। बयान के विरोध में जनता सड़कों पर उतरी और कई जगह प्रदर्शन हुए। कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और सरकार को घेरने की कोशिश की।

विवाद के बढ़ने पर सरकार को दबाव में आकर बड़ा फैसला लेना पड़ा। अंततः प्रेमचंद अग्रवाल ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के दौरान वे भावुक हो गए और सार्वजनिक रूप से रो पड़े। तब से संसदीय कार्य मंत्री का पद खाली है।

अब जबकि मानसून सत्र पास आ रहा है, सरकार को विधानसभा में अपने पक्ष को मजबूती से रखने के लिए संसदीय कार्य मंत्री नियुक्त करना जरूरी हो गया है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में विस्तार कर किसी विधायक को यह जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। यदि विस्तार नहीं होता है, तो मौजूदा मंत्रियों में से किसी एक को फौरी तौर पर संसदीय कार्य मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

बहरहाल, मानसून सत्र की तैयारियों के साथ ही नया संसदीय कार्य मंत्री कौन होगा—इस पर सबकी नजरें टिक गई हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *